पंचकूला l गांव अभयपुर में नववर्ष के उपलक्ष्य में भव्य श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्याम बाबा की ज्योत के समक्ष हाजिरी लगाई और आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन पूर्व में वार्ड नंबर-9 से चुनाव लड़ चुके युवा नेता अंकुश कुमार निषाद द्वारा किया गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालु श्री श्याम जी के भजनों पर झूमते नजर आए। भक्तों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी। संकीर्तन में जैव संधू ने श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं भजन गायक करतार एवं श्याम सेवक संजय कुमार ने भी अपनी भव्य प्रस्तुतियों से संकीर्तन को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
रात करीब 8 बजे शुरू हुआ यह भजन महोत्सव देर रात तक चलता रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में हरियाणा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी विशेष रूप से पहुंचे और श्याम बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा पार्षद हरेंद्र मलिक, रंजीता मेहता, बबली चौहान, रोहित, अनिल कुमार, संजय जायसवाल, राहुल यादव, दीपक सहित अन्य मौजूद रहे।