संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। सोलर पैनल लगवाने के नाम पर एक निजी कंपनी ने कस्बे के युवक से 1.40 लाख रुपये की ठगी कर ली। युवक ने इसकी शिकायत रायपुररानी थाने में दी है। शिकायत पर कार्रवाई कर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कस्बा निवासी साहिल ने सोलर प्लांट लगाने के लिए वारी सोलर कंपनी के नाम से एक वेबसाइट देखी। उन्होंने सोही इंटरप्राइजेज एंड स्टिच केयर के गौरव सिंह नामक व्यक्ति का विवरण प्राप्त किया। गौरव सिंह ने संपर्क कर उनके घर का दौरा किया और पांच किलोवाट सोलर प्लांट लगाने के लिए 2.35 लाख रुपये की मांग की। गौरव सिंह ने साहिल को अपनी कंपनी के नाम से एक एग्रीमेंट व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा। इसे देखकर साहिल ने उस पर भरोसा किया। गौरव ने पहले 40 हजार की मांग की। साहिल ने 25 जनवरी 2024 को दिए। इसके बाद गौरव सिंह ने एक लोहे का सोलर स्ट्रक्चर भेजा, लेकिन पैनल नहीं दिए।
उन्होंने साहिल से एक लाख और मांगे। साहिल ने 90 हजार बैंक से ट्रांसफर कर दस हजार रुपये नकद दिए। इस तरह गौरव सिंह ने 1.40 लाख रुपये की राशि ले ली। इसके बाद गौरव ने साहिल को टालना शुरू कर दिया। हर बार जब साहिल ने उनसे सोलर पैनल लगाने की तारीख पूछी, तो गौरव ने नई तारीख दी और अंत में उनका फोन उठाना ही बंद कर दिया। साहिल ने जब गौरव पर ठगी का आरोप लगाया, तो गौरव ने उन्हें धमकाया और कहा कि पुलिस उसका कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने उपायुक्त से इस मामले की गहन जांच की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।