चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने लीज होल्ड पर 156 व्यावसायिक और 11 आवासीय संपत्तियों को बेचने के लिए ई-टेंडर किया था। इनमें से 12 व्यावसायिक और 2 आवासीय संपत्तियों को बेचने में बोर्ड सफल रहा है। इससे बोर्ड को कुल करीब 7.35 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इन संपत्तियों में से सेक्टर-39 का एचआईजी फ्लैट एक करोड़ 6 लाख में बिका है।
सीएचबी को ई-टेंडर में उम्मीद के मुताबिक रिस्पांस नहीं मिला, लेकिन पिछली बार के मुकाबले कुछ संपत्तियों को बेचने में सफलता जरूर मिली। ई-टेंडर में सबसे अधिक सेक्टर-39 के एचआईजी फ्लैट के लिए 1.06 करोड़ की बोली लगी, जबकि व्यावसायिक संपत्तियों में बोर्ड सबसे अधिक मनीमाजरा की यूनिट 81.51 लाख में बेचने में सफल रहा। बता दें कि दोनों आवासीय संपत्तियों के लिए कुल आरक्षित मूल्य 1.70 करोड़ रुपये था, जिसके मुकाबले 1.75 करोड़ रुपये की बोली लगी है। वहीं, व्यावसायिक के लिए कुल आरक्षित मूल्य 5.56 करोड़ के मुकाबले 6.55 करोड़ रुपये की बोली लगी है। अब सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदाता को 8 जुलाई तक 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी।