गेट बंद होने से बढ़ी परेशानी, बिना वार्ड शिफ्ट किए काम इलाज में देरी पर मरीजों ने जताई नाराजगी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में इन दिनों अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। भर्ती मरीजों के बीच ही फायर फाइटिंग सिस्टम के पाइप लगाए जा रहे हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिना वार्ड शिफ्ट किए काम चलने और मुख्य प्रवेश द्वार बंद होने से हालात और बिगड़ गए हैं।
लोक निर्माण विभाग की ओर से पिछले दो दिनों से इमरजेंसी के रेड, ग्रीन और येलो एरिया में फायर फाइटिंग सिस्टम की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस दौरान पाइपों को बिजली से भी जोड़ा जा रहा है, जिससे मरीजों के बीच काम होने के कारण असुविधा बढ़ गई है। पहले से सूचना न होने के चलते इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ी।
मरीजों ने बताया कि इमरजेंसी के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया है, जिससे अंदर पहुंचने में देरी हो रही है। सेक्टर-4 निवासी सुरेश कुमार और खड़क मंगोली निवासी राकेश कुमार ने बताया कि गेट बंद होने से उन्हें इलाज में देर हुई और रेड एरिया में मरीजों की भीड़ बढ़ गई।
उधर, अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने कहा कि अस्पताल में मरीजों का दबाव अधिक होने के कारण उन्हें शिफ्ट करना संभव नहीं है। फायर फाइटिंग सिस्टम का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि व्यवस्था सामान्य हो सके।