चंडीगढ़ में पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर बीबी गोयल की पत्नी सीमा की हत्या को चार दिन बीत चुके हैं। पुलिस की तफ्तीश हर बार करीबी पर ही आकर ठहर जाती है। पुलिस ने उस करीबी के मोबाइल की लोकेशन हासिल कर ली है। उसकी ओर से पुलिस को दिए बयान और मोबाइल की लोकेशन मेल नहीं खा रही है। रविवार को पुलिस ने करीब साढ़े तीन घंटे तक प्रोफेसर के घर में पहुंचकर फिर पड़ताल की और बेटी पारुल के बयान दर्ज किए।
जैसे जैसे वक्त बीत रहा है सीमा की हत्या रहस्य बनती जा रही है। पुलिस की जांच का दायरा हर बार सीमा के एक करीबी पर जाकर सिमट जाता है। सूत्रों का कहना है कि इस करीबी का बयान और उसके मोबाइल की लोकेशन शक को और बढ़ा रही है। असल में पुलिस को दिए बयान में करीबी ने खुद को जिस स्थान पर बताया था, उसकी मोबाइल लोकेशन करीब तीन किलोमीटर दूर आई है। इसका स्पष्ट जवाब भी पुलिस को नहीं मिल पाया है।
यह भी पढ़ें - फिर भड़के सिदू: कोटकपूरा कांड में सरकार पर साधा निशाना, कहा- अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई
दूसरी ओर, डीएसपी ने बताया कि सीमा की बेटी पारुल के बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। पुलिस ने पारुल और सीमा के भाई दीप को प्रोफेसर के घर पर बुलाया। करीब 11 बजे से लेकर डेढ़ बजे तक पुलिस ने उनसे पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक, पारुल ने पुलिस को बताया कि मम्मी और पापा में अक्सर झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने सीमा के भाई दीप से भी सवाल जवाब किए। दीप जॉर्ज ने बताया कि प्रो. बीबी गोयल ने अपनी पहली शादी की बात छुपाई थी। सीमा से उनकी दूसरी शादी थी, यह बात भी हमें अब हत्या के बाद पता चली है। दीप ने कहा कि उनके अन्य भाई भी दो दिन में विदेश से यहां आ रहे हैं। दीप ने रविवार को फिर कहा कि उन्हें पूरा शक है कि सीमा की हत्या बीबी गोयल ने ही की है। बाहर से कोई शख्स घर के अंदर आया ही नहीं।
सीएफएसएल की रिपोर्ट खोलेगी कटी जालियों का राज
पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली प्रोफेसर के घर की कटी हुई जालियां बनी हुई हैं। जालियां अंदर से काटी हैं या बाहर से इसका खुलासा सीएफएसएल की रिपोर्ट से ही होगा। बता दें कि रसोई और सीमा के कमरे की जालियां कटी हुई मिली थीं। जालियों का कटा हुआ हिस्सा भी पुलिस को नहीं मिला है
सीसीटीवी में रात 2.59 पर दिखा शख्स कौन
पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी है, जिसमें हत्या वाली रात 2.59 बजे एक शख्स कैद हुआ है। उसने मास्क पहना था, हालांकि उसकी पहचान नहीं हो पाई है। वह घर के पास घूमता दिखाई दिया, लेकिन वह प्रोफेसर के घर तक नहीं गया। सीमा के भाई ने भी बताया कि उन्होंने भी सीसीटीवी फुटेज देखी है। उसमें कैद शख्स घर के अंदर जाता नहीं दिख रहा है।
हत्या की रात एक से दूसरे टावर पर शिफ्ट हुआ सीमा का मोबाइल
सूत्रों के अनुसार, हत्या की रात सीमा गोयल का मोबाइल कनेक्शन एक टावर से दूसरे टावर पर शिफ्ट हुआ। इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पुलिस ने सीमा का मोबाइल ट्रेस किया तो उसकी अंतिम लोकेशन घर पर ही आई थी। हालांकि पुलिस को मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल मिलने के बाद अहम खुलासे हो सकते हैं।
प्रोफेसर बीबी गोयल की पत्नी की हत्या मामले में उनकी बेटी के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। - राम गोपाल, डीएसपी, चंडीगढ़ पुलिस