चंडीगढ़। सेक्टर-8 के एक रेस्टोरेंट ने जालंधर से चंडीगढ़ आए शाकाहारी हिमांशु राय को करी में चिकन परोस दिया, जिससे कि वह कई दिन तक परेशान रहे। अब इस मामले में उन्होंने रेस्टोरेंट के खिलाफ जिला उपभोक्ता आयोग में केस दायर किया है और 9 लाख रुपये के हर्जाने की मांग की है। आयोग ने नोटिस जारी कर रेस्टोरेंट से जवाब मांगा है।
शिकायतकर्ता ने आयोग को बताया है कि वह एक बेहद धार्मिक व्यक्ति हैं। उन्होंने पूरी जिंदगी में कभी भी नॉनवेज नहीं खाया, क्योंकि यह उनके धर्म के नियमों के खिलाफ है। शुरू से ही वह इस चीज का काफी ध्यान रखते थे, लेकिन 12 फरवरी 2021 को उन्हें किसी निजी कार्य से चंडीगढ़ आना पड़ा। वह सेक्टर-8बी के मार्केट में गए और वेज पनीर टिक्का मसाला, दाल और रोटी आर्डर किया। थोड़ी देर बाद वह देख कर हैरान हो गए कि उन्हें जो करी परोसी गई थी, उसमें चिकन के बड़े-बड़े टुकड़े थे। यह देखकर वह काफी परेशान हो गए और कई दिन तक मानसिक तौर पर परेशान रहे।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि 12 फरवरी को मकर सक्रांति का पर्व था, जिस दिन रेस्टोरेंट्स ने उन्हें चिकन परोस दिया था। इसकी वजह से उनका मानसिक तनाव बढ़ता गया। 16 फरवरी को उन्होंने पोस्ट के जरिए एक लीगल नोटिस भी भेजा, लेकिन रेस्टोरेंट की तरफ से न तो माफी मांगी गई, न ही नोटिस का कोई जवाब दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मामले में उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की है, जो कि विचाराधीन है। इसलिए ही उन्होंने वकील विकास के माध्यम से चंडीगढ़ उपभोक्ता आयोग में केस किया है। उन्होंने धार्मिक भावनाएं आहत करने के लिए 9 लाख रुपये हर्जाना और मुकदमे के खर्च के रूप में 15 हजार रुपये देने की मांग की है। इस मामले में चंडीगढ़ उपभोक्ता आयोग ने रेस्टोरेंट को नोटिस जारी कर अगली सुनवाई पर जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं।