चंडीगढ़। यूटी प्रशासन के अधिकारी कार्मिक विभाग के आदेशों को नहीं मानते हैं। विभाग ने बीते दिनों दोपहर 12 बजे से एक बजे (बुधवार और शुक्रवार को छोड़कर) के बीच कोई भी बैठक नहीं रखने और इस समय सिर्फ लोगों से मिलने के आदेश जारी किए थे। बावजूद इसकेअधिकारी लोगों को समय नहीं दे रहे हैं। प्रशासन में उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों को लेकर यह समस्या ज्यादा है। इसे लेकर यूटी प्रशासन के कार्मिक विभाग ने सभी विभागों के सचिव व प्रमुखों के लिए फिर आदेश जारी किए हैं।
आदेश में कहा गया है कि अफसरों को दोपहर 12 से एक बजे तक लोगों से मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं को हल करना चाहिए। मिलने के समय के बोर्ड को दफ्तर के बाहर लगाया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि 12 बजे से एक बजे के बीच कोई बैठक न रखी जाए, ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े। हालांकि, स्थिति इसके विपरीत है। प्रशासन के अधिकारी 12 बजे से एक बजे व्यस्त रहते हैं या दफ्तर में मौजूद ही नहीं होते हैं। अफसरों से मिलने के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट या फिर वैक्सीन की एक डोज का लगवाना अनिवार्य है। इसके बिना यूटी सचिवालय में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेने पर अभी भी हफ्तों नहीं मिलता जवाब
चंडीगढ़ में किसी अधिकारी से मिलना आम आदमी के लिए बेहद मुश्किल हो गया है। अगर वह विजिटर्स पास लेकर अधिकारी के दफ्तर पहुंच जाता है। कोई बैठक न चल रही हो, अधिकारी व्यस्त न हो तो भी कहा जाता है कि वह पहले अप्वाइंटमेंट लेकर आएं। इसके लिए स्वागतम पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए कहा जाता है। आवेदन करने के बाद हफ्तों तक जवाब ही नहीं दिया जाता है। कई बार तो बिना कारण दिए ही आवेदन रद्द कर दिया जाता है। कई बार अधिकारी से बिना मिले ही आवेदन पूरा दिखा दिया जाता है। अफसरों की इस कार्यशैली से जनता परेशान है।