चंडीगढ़। नगर निगम में 176 कर्मचारियों का अनुबंध बढ़ाने के साथ ही 25 नए कर्मचारी भी रखे जाएंगे। पुरानी कंपनी का अनुबंध खत्म होने के बाद कर्मचारियों की नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सबसे कम बोली लगाने वाली नई कंपनी को निगम ने अनुमति भी दे दी है। आगमी 31 अगस्त को होने वाली बैठक में सदन के सामने इसका एजेंडा रखा जाएगा।
अनुबंध के अनुसार, एक कम्युनिकेशन मैनेजर, ईवेंट मैनेजर, आई मैनेजर, फोटाग्राफर, क्लीनर, टेलीफोन ऑपरेटर, दो अकाउंटेंट, 58 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 18 चालक, 37 सहायक, 55 बेलदार के पद हैं। इन पदों पर तीन से छह माह के लिए कर्मचारियों की भर्ती की गई थी। समय सीमा खत्म होने के बाद अब नगर निगम इसका अनुबंध बढ़ाने के लिए एजेंडा लेकर आ रहा है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि 25 और अनुबंध कर्मियों की आवश्यकता है। सदन की सहमति के बाद इस पर आगे काम होगा।
डिजिटल भुगतान पर फोकस
पब्लिक हेल्थ के सभी डिवीजनों में अब डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की तैयारी है। सब डिवीजन नंबर 8, 9, 14, 15 और 20 में केवल डिजिटल भुगतान ही स्वीकार होंगे। अब पानी के मीटर की शुल्क, लेबर शुल्क, पानी के मीटर के टेस्टिंग की फीस, कनेक्शन जुड़वाने और कटवाने, निर्माण कार्य शुल्क के लिए यूपीआई, भीम या अन्य एप से भुगतान करना होगा।