पंचकूला। एक्साइज विभाग की टीम ने शुक्रवार रात सेक्टर-5 स्थित मकाबी और द बुडेगा क्लब में छापेमारी कर चंडीगढ़ बिक्री हेतु निर्धारित 94 बोतल अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान बार संचालक पास या परमिट पेश नहीं कर सके। एक्साइज इंस्पेक्टर राजीव कुमार की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की है।
मकाबी क्लब से 33 बोतल बरामद
पहली कार्रवाई मकाबी क्लब में की गई। डीईटीसी प्रदीप यादव और एक्साइज इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच के दौरान 33 बोतल अवैध शराब बरामद की। बरामद ब्रांड में जेम्सन (9 बोतलें), ब्लैक लेबल (11 बोतलें), जैगर मिस्टर (11 बोतलें) और द ग्लेनलिवेट (2 बोतलें) शामिल हैं। मौके पर मौजूद आकाश बार टेंडर कोई पास या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
बुडेगा क्लब से 61 बोतल बरामद
द बुडेगा क्लब में जांच के दौरान 61 बोतलें शराब बरामद की गईं जिनमें सूला वाइन (60 बोतलें) और डॉन जूलियो रेपोसाडो टकीला (1 बोतल) शामिल हैं। यह शराब भी केवल चंडीगढ़ बिक्री हेतु मान्य थी। मौके पर मौजूद बार मैनेजर राजत पास/परमिट नहीं दिखा सका। एक्साइज इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने दोनों मामलों में रिपोर्ट तैयार कर सेक्टर-5 थाना पुलिस पंचकूला को भेज दी जिसके बाद दोनों क्लबों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब की बोतलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू दी है।