रायपुररानी। नारकोटिक्स सेल की टीम ने शुक्रवार को एक ट्रक से 116 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मातनहेल निवासी जोगिंद्र सिंह और विकास सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी ट्रक में राजस्थान से बद्दी की ओर डोडा चूरा पोस्त लेकर जा रहे थे। इसी दौरान एएसआई जितेंद्र कुमार को सूचना मिली कि उक्त ट्रक में भारी मात्रा में डोडा चूरा पोस्त भरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एसीपी विक्रम नेहरा को अवगत कराया और रामगढ़-गोलपुरा हाईवे पर नाकाबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों से डोडा चूरा पोस्त का वैध परमिट मांगा गया लेकिन वे पेश नहीं कर सके। ट्रक की तलाशी ली गई तो आठ प्लास्टिक के कट्टों में 116 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। टीम ने नशीला पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया।