चंडीगढ़। सेक्टर-15/डी में किराएदारों को धमकाने के लिए हवाई फायरिंग करने के मामले में चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा के पति मनु दुबे पुलिस जांच में शामिल हो गए हैं। अगले एक हफ्ते उन्हें सेक्टर-11 थाने में अपना बयान दर्ज कराना होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं की है। वहीं, पकड़े गए दोनों आरोपी गुरजंट सिंह उर्फ जेंटा और निखिल को पुलिस ने जिला अदालत में पेश कर तीन का रिमांड हासिल किया है, जबकि मामले में आरोपी तरसेम और विशाल अभी भी फरार हैं।
गौरतलब है कि संगरूर निवासी गुरदास सिंह का आरोप था कि वह पिछले एक साल से महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे के यहां पर किराएदार हैं। रविवार को उनसे मिलने उनके दोस्त गुरदीप सिंह, भूपिंदर, रवि, सुनील, गुरमीत और गगन आए थे। आरोप है कि जब रात को वह लोग घर से खाना खाने के लिए बाहर जाने लगे तो मकान मालिक मनु दुबे ने दोस्तों के घर में आने पर आपत्ति जताई। इसके साथ गाली-गलौज कर उन्हें और उनके दोस्त रवि को पीटना शुरू का दिया। जब वह बाहर से लौटे तो मनु दुबे ने अपने साथियों जेंटा, निखिल, विशाल और तरसेम सिंह के साथ मिलकर दोबारा मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच हवाई फायरिंग कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने दीपा दुबे के पति मनु दुबे और उसके दोस्तों जेंटा, निखिल, विशाल और तरसेम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था।