कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर मौजूद टॉय ट्रेन।
- फोटो : PKL OFFICE
कालका। कालका-शिमला रेल मार्ग पर जल्द ही दो और टॉय ट्रेनें चलने की संभावना है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर रेल प्रशासन ने यह फैसला लिया है। जैसे ही हेडक्वार्टर से मंजूरी मिलेगी रेल प्रशासन इस हेरिटेज सेक्शन पर कालका-शिमला शिवालिक एक्सप्रेस (52451/ 52) और कालका-शिमला एक्सप्रेस (52453/ 54) का आवागमन शुरू कर देगा। फिलहाल इस ट्रैक पर दो टॉय ट्रेनें चल रही हैं जोकि पैक होकर चल रही हैं। जो ट्रेनें चल रही हैं, इनमें एक कालका-शिमला एक्सप्रेस अप (04515) है जोकि 12:10 बजे कालका से रवाना होकर 5:20 बजे शिमला पहुंचती है।
वहीं दूसरी टॉय ट्रेन कालका-शिमला एक्सप्रेस स्पेशल सुबह 7 बजे कालका से शिमला के लिए रवाना होती है जोकि 12:55 बजे शिमला पहुंचती है। विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेल सेक्शन पर सफर करने का अलग ही आनंद है। सैलानी शिमला जाने के लिए सड़क की जगह रेल मार्ग को ज्यादा तवज्जो देते हैं। देश ही नही विदेश से भी सैलानी टॉय ट्रेन में सफर करने के लिए कालका रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं।
हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन के यात्री करते हैं इंतजार
हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन से कालका पहुंचने वाले सैलानी जोकि रेल मार्ग से शिमला जाना चाहते हैं उनको स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ता है, क्योंकि वर्तमान में कालका से शिमला के लिए केवल दो ट्रेनें चल रही हैं। पहली ट्रेन कालका-शिमला एक्सप्रेस स्पेशल सुबह 7 बजे रवाना होती है। दूसरी दिन में 12:10 बजे चलती है। ऐसे में हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन सुबह तीन बजे कालका रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है। रेल मार्ग से शिमला के लिए जाने वाले सैलानियों को करीब चार घंटे का लंबा इंतजार करना पड़ता है।
यह रहेगी टाइमिंग
दोनों ट्रेनों को मंजूरी मिलने के बाद कालका-शिमला शिवालिक एक्सप्रेस (52451/ 52) कालका रेलवे स्टेशन से सुबह 5:30 बजे रवाना होगी। 10:35 बजे शिमला पहुंचेगी। कालका-शिमला एक्सप्रेस (52453/ 54) सुबह 6:20 बजे कालका से रवाना होगी जोकि 11:35 बजे शिमला पहुंचेगी।
कालका-शिमला के मध्य चल रही दोनों ट्रेनों को पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं। इस कारण कालका-शिमला शिवालिक एक्सप्रेस और कालका-शिमला एक्सप्रेस को चलाने के लिए प्रस्ताव हेडक्वार्टर भेजा है। जैसे ही अनुमति मिलेगी उक्त दोनो टॉय ट्रेनों को चलाना शुरू कर दिया जाएगा। - गुरिंदर मोहन सिंह, डीआरएम अंबाला