कालका। माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड इस बार काली माता मंदिर में पूरी तरह नवरात्र मेले की तैयारियों में जुटा है। श्रद्धालु मंदिर में शीश नवा कर सुख-समृद्धि की कामना करने के साथ ही अब प्रसाद भी चढ़ा सकेंगे। नवरात्र में मंदिर को फूलों और लड़ियों से सजाया जाएगा, इसके साथ ही मंदिर में जिग-जैग सिस्टम से श्रद्धालु लाइन में लगकर माता के दर्शन करेंगे। मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह-4 बजे खोल दिए जाएंगे। रात्रि 10 बजे तक लोग माता के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर समयावधि बढ़ाई भी जा सकती है। नवरात्र मेला इंचार्ज एसडीएम कालका रूचि सिंह बेदी को बनाया गया है। पूरे मेले के दौरान हर दिन दो शिफ्टों में अलग-अलग प्रशासनिक अधिकारी ड्यूटी इंचार्ज का का दायित्व निभाएंगे। इस दौरान मंदिर में डिस्पेंसरी की सुविधा भी मिलेगी। कालका सब्जी मंडी को पार्किंग स्थल बनाया हुआ। यहीं से श्रद्धालु फ्री ऑटो का लाभ लेकर मंदिर पहुंच सकते हैं।
पीने के पानी की रहेगी विशेष व्यवस्था
काली माता मंदिर के सचिव पृथ्वी मित्तल ने बताया कि गर्मी के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए पानी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। मंदिर के गेट के समीप पानी का कूलर और कुछ ही दूरी पर पानी का स्टाल लगाया जाएगा ताकि लाइन में लगे श्रद्धालुओं को पानी मिल सके। बावड़ी के पास भी एक पानी का टैंकर खड़ा किया जाएगा। वहीं मंदिर में श्रद्धालु मेन गेट से दर्शन करने के लिए प्रवेश करेंगे जबकि दर्शन करने के बाद श्रद्धालु मंदिर के अंदर से ही संतोषी माता मंदिर के रास्ते से वापस बाहर आएंगे। उधर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के बाहर दोनो तरफ सौ-सौ फूट मैट भी बिछाया जाएगा। बावड़ी के पास फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी मौजूद रहेगी।
फ्री आटो सुविधा का मिलेगा लाभ
मंदिर सचिव ने बताया कि दूर-दराज से मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुफ्त आटो सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। मंदिर की तरफ से 12 आटो लगाए गए हैं जोकि दो शिफ्टों में यह सुविधा प्रदान करेंगे। पहली शिफ्ट 6 से 2 बजे तक होगी जबकि दूसरी शिफ्ट 2 से 10 बजे की होगी। इस दौरान तीन आटो कालका बस स्टैंड जबकि तीन आटो मंडी के प्रवेश द्वार पर मौजूद रहेंगे।
मंदिर में रोजाना होगा हवन और भजन-कीर्तन
सचिव ने बताया कि मंदिर में रोजाना सुबह 9 बजे हवन किया जाएगा। शाम को 7 से 9 बजे तक स्थानीय भजन मंडली माता के भजन कीर्तन करेगी। इसके मद्देनजर मंदिर प्रांगण में एक स्टेज भी लगाया जाएगा। श्रद्धालु इच्छानुसार मंदिर से ड्राई फ्रूट के प्रसाद का पैकेट भी खरीद सकते हैं। 100 ग्राम के पैकेट के लिए श्रद्धालुओं को 50 रुपये और 200 ग्राम के पैकेट के लिए श्रद्धालुओं को सौ रुपये अदा करने पड़ेंगे। वहीं रक्षा सूत्र के लिए श्रद्धालुओं को 50 रुपये देने होंगे जिसमें उनको पांच रक्षा सूत्रों का पैकेट दिया जाएगा।
मंदिर के आसपास के दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील है कि मेले के दौरान प्लास्टिक और पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करें। ऐसे में उन पर प्रशासन कार्रवाई कर सकता है। इसके लिए वे स्वयं जिम्मेवार होंगे। कोरोना काल के बाद इस बार पूरी तरह मेले का आयोजन होगा। उम्मीद है कि भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंचेंगे। - पृथ्वी मित्तल, सचिव, काली माता मंदिर
भंडारा कमेटी द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 11 बजे से भंडारा शुरू होगा। भंडारा कमेटी द्वारा पहले नवरात्र पर पाठ का आयोजन किया जाएगा। सातवें नवरात्र को हवन के साथ इसे संपूर्ण किया जाएगा। - संजय बंसल, प्रधान, श्री काली माता मंदिर भंडारा कमेटी चैरिटेबल ट्रस्ट।