तीसरे दिन 66 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 22.98 लाख रुपये का चढ़ावा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। चैत्र नवरात्र मेले के तीसरे दिन शनिवार को माता के जयकारों से शिवालिक की पहाड़ियां गूंज उठीं। जिले के प्रमुख शक्तिपीठों श्री माता मनसा देवी, कालका स्थित श्री काली माता मंदिर और चंडी माता मंदिर में 66 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और कुल 22 लाख 98 हजार 022 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया।
सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, श्री माता मनसा देवी मंदिर में 44 हजार, काली माता मंदिर कालका में 18 हजार और चंडी माता मंदिर में 4 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक यशपाल यादव ने बताया कि चढ़ावे के मामले में माता मनसा देवी मंदिर सबसे आगे रहा, जहां 21 लाख 40 हजार 430 रुपये दान स्वरूप प्राप्त हुए। वहीं, काली माता मंदिर में 75 हजार 236 रुपये और चंडी माता मंदिर में 82 हजार 356 रुपये का चढ़ावा आया। भक्तों ने नकदी के साथ-साथ चांदी के आभूषण भी अर्पित किए। मनसा देवी मंदिर में चांदी के 36 नग और काली माता मंदिर में 2 नग दान किए गए।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, जिससे बढ़ती भीड़ के बावजूद दर्शन सुगम बने हुए हैं।