पंचकूला। सीएम उड़नदस्ता ने कालका स्थित गोल्डन रिजॉर्ट होटल में छापा मारकर अवैध रूप से चलाए जा रहे कैसिनों से 17 युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ कालका थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों से 2.21 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान हरीश भट्ट, संदीप कुमार, प्रीतपाल, चिराग, प्रकाश, नितिन, अजय, रविंद्र, विवेक धवन, चंदन ओबेराय, गगन कपूर, संजू, अमित शर्मा, मंदीप कुमार, सन्ननी खरबंदा, राघव और सौरव के रूप में हुई है।
युवती की पहचान लाजपत नगर दिल्ली निवासी के रूप में हुई है। जिले में अवैध तौर पर चलने वाले कसीनों के खिलाफ पहला मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से तीन टेबलों से 2.21 लाख रुपये, 100 के करीब लाल टोकन, 90 के करीब हरे टोकन और आने वाले लोगों का एंट्री रजिस्टर बरामद किया है। इसके अलावा ताश के डब्बे सहित कुर्सियां कब्जे में लिया। ढकोली के दो युवक कसीनो को चला रहे थे। कसीनो में चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, सोलन सहित अन्य क्षेत्रों के लोग आते थे।
सूत्रों की मानें तो होटल के जिस कमरे में कसीनो चलता था, उस कमरे के बाहर ताला लगा होता था। उसके बाहर बाउंसर घूमते रहते थे। अगर कोई भी व्यक्ति कसीनों में जाता था, तो पहले बाउंसर उसका नाम पूछते और उसके बाद भीतर से आने का संदेश मिलने के बाद ही उसे भीतर जाने दिया जाता। जब तक भीतर से संदेश नहीं मिलता तब तक बाउंसर किसी को कमरे के भीतर नहीं जाने देते थे। भीतर जाते ही दिल्ली की रहने वाली युवती खेलने के लिए कार्ड देती थी। उसकी कीमत 10 हजार से लेकर 50 हजार तक होता था। कार्ड पर जितनी राशि लिखी होती थी, उतना पैसा लगाना पड़ता था।