3 मार्च 2024 को ट्रांसफार्मर पर चढ़े लाइनमैन की एक बाजू और दूसरे हाथ की अंगुलियां काटनी पड़ीं
संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। एक लाइनमैन ने जेई पर लापरवाही का आरोप लगाया है कि उनकी लापरवाही के कारण दूसरे लाइनमैन को करंट लग गया। लाइनमैन के बयान पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने जेई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मनदीप कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वह अगस्त 2023 में हरियाणा सरकार की कौशल योजना के तहत बिजली विभाग हरियाणा में लाइनमैन के तौर पर काम कर रहा है। उसे बरवाला पावर हाउस से अलीपुर शिकायत केंद्र में भेज दिया गया था। उसके साथ ममतेश भी काम करता था। श्यामधर राम जेई उनका इंचार्ज था। 3 मार्च 2024 को शिकायतकर्ता और ममतेश सुबह गांव अलीपुर में बिजली की शिकायत मिलने पर गए थे। इसी दौरान ममतेश के पास जेई का फोन आया की प्लाट नंबर 191 की लाइट खराब है, इसलिए अलीपुर में लाइट ठीक कर देना। सुबह करीब 11 बजे जेई श्यामधर राम मौके पर मिले।
जेई को कहा लाइन बंद कर दो
जेई ने ममतेश को लाइट ठीक करने को कहा। इस पर शिकायतकर्ता और ममतेश ने जेई को परमिशन लेकर लाइन बंद करवाने के लिए कहां। जेई ने पावर हाउस बरवाला में फोन पर किसी के साथ बात की और कहा की मेरी पावर हाउस बरवाला में बात हो गई है। मैंने लाइन को बंद करवा दिया है। जेई ने ममतेश को कहा की तुम जल्दी से ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फ्यूज लगा दो, क्योंकि आज और भी काम है। इसके बाद ममतेश जेई पर विश्वास करते हुए ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। जैसे ही ममतेश फ्यूज लगाने लगा तो उसे जोरदार करंट लगा और झटका लगते ही ट्रांसफार्मर से नीचे आकर गिरा। करंट लगने के कारण ममतेश कई जगह से जल गया था।
बाजू और बाएं हाथ की दो उंगलियां काटनी पड़ी
इसके तुरंत बाद घायल को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ लेकर गए। ममतेश अब भी पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के लिए दाखिल है। उपचार के दौरान ममतेश कुमार की दाईं बाजू और बाएं हाथ की दो उंगलियां डाक्टर को काटनी पड़ी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह हादसा जेई श्यामधर राम की लापरवाही के कारण हुआ है।