कालका। टिपरा रोड पर झाड़ियों में अचानक आग लगने के कारण एक घर के आगे खड़ी गाड़ी व कुछ घरों के मीटर जल गए। आसपास झाड़ियां होने के कारण आग तेजी से फैल गई जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही की घटना में कोई जानी नुकसान नही हुआ। सूचना मिलने पर पहुंचीं दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया।
स्थानीय निवासी रेणु शर्मा ने बताया कि सुबह के समय सफाई कर्मचारियों की ओर से कूड़ा-करकट में आग लगाई गई थी। आसपास झाड़ियां होने के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना में घर के बाहर खड़ी उनकी कार जल गई। आसपास के घरों के बिजली के चार मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय निवासी महेन्द्र सिंह, संदीप, पूजा शर्मा, अमीता कुमारी, प्रवीण, नवीन, गौरव सहित अन्य ने प्रशासन से इस घटना की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।