चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल और भाजपा लीडरशिप पर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केवल सियासी फायदे के लिए राज्य के हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
सोमवार को एक निजी चैनल से बातचीत में मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि उक्त तीनों ही अतीत और वर्तमान में राज्य के हितों को ठेस पहुंचाने के लिए मिले हुए थे और भविष्य में भी अपने इस राजनीति से प्रेरित एजेंडे को जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि इस बार लोगों के सकारात्मक रवैये, जोकि कांग्रेस के अलावा किसी के हक में निर्णायक नहीं है, के कारण कांग्रेसी वर्करों में पैदा हुए उत्साह को कोई भी कम नहीं कर सकता। कैप्टन के सत्ता से एक तरफ होने के बाद अब कांग्रेस पार्टी के प्रति अधिकारियों और वर्करों के मूड में बड़ी तबदीली आई है।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी और नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले सही राह पर चल रहे हैं और जल्द ही लोगों को संतोषजनक इंसाफ मिलेगा। इन दोनों मुद्दों के नतीजे आने में देरी हुई है क्योंकि यह बुरी तरह उलझाए गए थे लेकिन सरकार इनके तर्कपूर्ण अंत की तरफ बढ़ रही है।
आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से किए जा रहे प्रचार पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके कनवीनर अरविंद केजरीवाल और उनके साथी मनीष सिसोदिया व राघव चड्ढा बिना किसी बात या कारण के लगातार उनकी सरकार के विरुद्ध भड़ास निकाल रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल को सलाह दी कि वह इस तथ्य को भलीभांति जानते हैं कि वह इस राज्य में कभी भी सत्ता में नहीं आएंगे इसलिए बड़े-बड़े वादे करके पंजाब के लोगों को अपनी भद्दी चालों से मूर्ख बनाने के बजाय वह दिल्ली में अपनी सरकार पर ज्यादा ध्यान दें।
नवजोत सिद्धू के बारे में मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि वह सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं जबकि सिद्धू पार्टी प्रधान हैं। दोनों संगठनों में पूरी तरह सामंजस्य है। मुख्यमंत्री चन्नी ने बिना किसी झिझक के कहा कि वह हमेशा अपनी आलोचना को सकारात्मक ढंग से ही लेते हैं, चाहे यह पार्टी के अंदर से हो रही हो या बाहर से।
मेरा मजाक उड़ाते थे विपक्षी दलों के नेता : चन्नी
विपक्ष पर निशाना साधते हुए चन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की बागडोर संभालने पर पहले तो अकाली दल, भाजपा और आप के नेता उनका मजाक उड़ाते हुए कहते थे- ‘इसने क्या करना!’ और अब जमीनी स्तर पर उनका प्रदर्शन देखने के बाद यह कहने के लिए मजबूर हैं कि ‘इसका करें क्या?’
कैप्टन की पार्टी पर किसी को भरोसा नहीं : चन्नी
कैप्टन से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को होने वाले संभावित नुकसान के बारे में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि जो व्यक्ति अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान लोग को कुछ नहीं दे सका और खुद को अपने फार्म हाउस में कैद कर लिया, अब कोई भी उसकी नई पार्टी पर कैसे भरोसा कर सकता है? लोगों की पहुंच से बाहर रहने के कारण वह अपना भरोसा खो चुके हैं। चन्नी ने कहा कि कैप्टन और बादल दोस्ताना मैच खेल रहे हैं और अपने संकुचित हितों की पूर्ति के लिए सत्ता का प्रयोग एक-दूसरे की सुविधा के लिए करते रहे हैं।