चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बड़ा एलान किया है। कैप्टन ने मंगलवार को स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। कैप्टन ने बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर चर्चा की। किसानों की मांगों पर पीएम ने हल निकालने का आश्वासन दिया है। कैप्टन ने पीएम के समक्ष अपनी पत्नी परनीत कौर का भी पॉलिटिकल रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। परनीत कौर पटियाला से सांसद हैं। पटियाला से परनीत कौर ने पांच बार चुनाव लड़ा है, जिसमें से चार बार जीत दर्ज की है। कैप्टन ने कहा कि इस बार भी परनीत कौर पटियाला की सीट से चुनाव लड़ेंगी। जल्द ही परनीत कौर औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थामेंगी। पीएम मोदी से मुलाकात के समय कैप्टन की बेटी जय इंदर कौर भी उनके साथ थी। कैप्टन ने कहा कि उनकी बेटी विधानसभा में अपनी सेवाएं देंगी। बीते सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की कुछ तस्वीरें कैप्टन ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर की हैं, जिसमें उनकी बेटी भी नजर आ रही हैं।
पीएम से मुलाकात कर पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन की नींव रखी
पीएम मोदी से मुलाकात कर कैप्टन ने एक प्रकार से पंजाब में एक बार फिर भाजपा-अकाली गठबंधन की नींव रखी है। अभी तक इस गठबंधन काे लेकर सिर्फ चर्चाएं ही सामने आ रही थीं, कोई गठबंधन के हक में खुलकर सामने नहीं आ रहा था। कैप्टन ने गठबंधन के हक में पीएम मोदी के समक्ष पक्ष रखा है। दोबारा गठबंधन की नींव तैयार करने के लिए कैप्टन ने अपनी पत्नी के लिए भी आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से पटियाला सीट से प्रत्याशी बनाए जाने के लिए पहल की है। कैप्टन ने बीते रोज जारी बयान में कहा था कि पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ भी इस हक में हैं।
कांग्रेस से दूर होते ही कैप्टन अपने गढ़ में हारे
एक समय तक पटियाला कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में जब कैप्टन अलग पार्टी बनाकर चुनावी मैदान में उतरे तो अपने ही शहर में लोगों ने उनका साथ नहीं दिया। चुनाव में कैप्टन को हार का मुंह का देखना पड़ा था। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली ने उन्हें 16749 मतों से शिकस्त दी थी। यह हाल पटियाला की सात अन्य सीटों पर रहा।
पटियाला में कांग्रेस नए चेहरे के साथ उतरेगी
कुछ दिन पहले जब पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज देवेंद्र यादव व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने को लेकर पटियाला पहुंचे तब मीडिया से बातचीत में परनीत कौर पर पूछे सवाल पर कांग्रेस वड़िंग ने कहा था कि उन्हें कांग्रेस से सस्पेंड कर दिया गया है। वड़िंग ने कहा था कि पटियाला से परनीत कौर कांग्रेस की उम्मीदवार नहीं होगी।