संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। चंडीगढ़ से कार में आ रहे व्यक्ति को सेक्टर-5 में रोकने के बाद राॅड से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने घायल पर कार चढ़ाने की भी कोशिश की। सेक्टर-5 पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 अंकित कुमार सिंह ने शिकायत में बताया कि वे केनरा बैंक में सह प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। वीरवार को अपने दोस्तों के साथ चंडीगढ़-26 से पंचकूला सेक्टर-5 जा रहे थे। जैसे ही वे चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड की तरफ से आ रहे थे। एक आल्टो चालक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जब वे सेक्टर-5 मॉल के पास पहुंचे तो आल्टो उनके कार के आगे आकर रुक गई।
सेक्टर-5 थाना इंचार्ज रूपेश चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ कार के अंदर ही थे। इतने में आल्टो कार से एक लड़का उतरा और ईंट से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया इसके बाद वह जोर-जोर से गाली गलौज करने लगा। शिकायतकर्ता के दोस्त कार से उतरे तो वह उनको भी मारने लगा। शिकायतकर्ता कार से नीचे उतरा तो आरोपी ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। वे कुछ समझ पाते एक दूसरे आरोपी ने भी पाने से उसके सिर पर वार कर दिया। पाना लगते ही उनके सिर से खून बहने लगा। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपियों ने उन पर कार चढ़ाने की कोशिश भी की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तुरंत उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।