पंचकूला। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि ‘हमारे सपनों का पंचकूला बने’ इसके लिए सात सरोकार दिए हैं। इसमें पंचकूला को नशामुक्त बनाना सर्वोपरि है। इस कारण जिले में नशे को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा। विधानसभा स्पीकर सोमवार को सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में पुलिस द्वारा नशामुक्त पंचकूला के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पुलिस उपायुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी, उपायुक्त महावीर कौशिक, नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल भी उपस्थित रहे। उन्होंने 16 से 31 मई तक पंचकूला में चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान की सफलता को देखकर इसे एक महीना बढ़ाने की घोषणा की।
पंचकूला को नशामुक्त बनाने के लिए चलाया अभियान
विस अध्यक्ष ने कहा कि पंचकूला को अधिक स्वच्छ, सुंदर व हरा-भरा बनाने के लिए सात सरोकारों के माध्यम से एक अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक चाहता है कि पंचकूला ड्रग, प्रदूषण, प्लॉस्टिक, स्ट्रे कैटल, स्ट्रे डॉग, एनक्राचमेंट और स्लम मुक्त बने। उन्होंने कहा कि पंचकूला में लोगों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा 16 मई से जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत नुक्कड़ नाटकों, स्कूलों और कॉलेजों में प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
अन्य जिलों के मुकाबले कम है नशे का प्रभाव
इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए पंचकूला पुलिस की सराहना कर विस अध्यक्ष ने कहा कि गत दिनों में पुलिस ने नशाखोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। 15 दिन में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा टोल फ्री हेल्प लाइन नंबर 7087081100 शुरू किया गया है। इस पर कोई भी जिलावासी बिना किसी डर और भय के नशा से संबंधित सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इससे पूर्व पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी ने नशाखोरी पर लगाम लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल देकर कहा कि किसी एक संस्था या विभाग द्वारा अकेले इस समस्या पर काबू नहीं पाया जा सकता। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के लिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर डीसीपी सुरेंद्र पाल सिंह, एसीपी ममता सौदा, एसीपी राजकुमार, आईपीएस सेवानिवृत्त वीके कपूर, जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, पार्षद जय कौशिक, सोनिया सूद, नरेंद्र लुबाना, श्याम लाल बंसल, पंचकूला सलाहकार समिति के सदस्य डीपी सोनी व डीपी सिंघल, अमरटैक्स के चेयरमैन अरूण ग्रोवर, पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।