पंचकूला। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को सेक्टर-7 धवन अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें 70 लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। शिविर सिविल अस्पताल की ब्लड बैंक के इंचार्ज डॉ. अमित सम्मी की देखरेख में लगा। रक्तदान शिविर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, द एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया हरियाणा चैप्टर, अमर उजाला फाउंडेशन और पंचकूला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से लगाया गया। रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
शिविर में द एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया हरियाणा चैप्टर के प्रेसिडेंट डॉ. विवेक भादू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने भी रक्तदान करते हुए सभी को नेक कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। द एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया हरियाणा चैप्टर के पैटर्न प्रवीन कुमार गर्ग, सेक्रेटरी डॉ. कुलदीप धवन, पंचकूला रेडक्रॉस सोसाइटी के महासचिव महेश जोशी ने सभी रक्तदाताओं का मौके पर पहुंच कर उत्साह बढ़ाया।
गर्मी की वजह से अस्पतालों में रक्त की कमी
इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश संगर ने बताया कि गर्मी की वजह से अस्पतालों में रक्त की कमी हो गई है। इस कमी को पूरा करने के लिए विश्व रक्तदाता दिवस पर शिविर लगाया गया। रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है जिनकी रक्त की कमी से जिंदगी की डोर कमजोर पड़ जाती है। इस अवसर पर श्री शिव कांवड़ महासंघ के सदस्य, पंचकूला रेडक्रॉस सहित अस्पताल स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।