पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने रविवार को गांव बीड़ घग्गर स्थित खेड़ा मंदिर के पास रक्तदान शिविर लगाया। शिविर के आयोजन में अमर उजाला फाउंडेशन ने अहम भूमिका निभाई। शिविर को सफल बनाने में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा पंचकूला और गांव बीड़ घग्गर के युवाओं ने सराहनीय योगदान दिया। शिविर में दूसरों को जिंदगी देने के लिए 55 लोगों ने रक्तदान कर पुण्य कमाया। शिविर में सामाजिक दूरी, मास्क व सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया।
विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल की ब्लड बैंक टीम के डॉक्टर मनोज त्यागी की देखरेख में 55 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुआ, जोकि दोपहर 2 बजे तक चला। शिविर का उद्घाटन नगर निगम के पूर्व पार्षद विनोद कुमार, रिंकू, संदीप, अरुण, सुमित, नंदू व पुन्नू ने संयुक्त रूप से किया। पार्षद विनोद कुमार ने बताया कि पूर्व में रक्तदान से शरीर में कमजोरी आना और बीमारी लगने जैसी अनेक प्रकार की भ्रांतियां थीं, लेकिन आज यह भ्रांतियां दूर हो चुकी हैं। युवा बड़ी संख्या में रक्तदान कर रहे हैं।
यह प्रसन्नता का विषय है कि आज हमारी बेटियां भी रक्तदान के मामले में लड़कों से पीछे नहीं हैं और स्वयं आगे आकर रक्तदान कर रही हैं। रिंकू ने बताया कि समय पर रक्त की उपलब्धता होने से अमूल्य जीवन को बचाया जा सकता है। यदि हम रक्तदान के माध्यम से किसी का जीवन बचा सकते हैं तो इससे बड़ा उपकार नहीं हो सकता। शिविर में आए सभी रक्तदानियों को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन व गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन से अविनाश शर्मा, वर्षा शर्मा, श्याम सुंदर साहनी, सविता साहनी, शत्रुघ्न कुमार, अंशु सिंह, ब्लड बैंक के डॉक्टर्स व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।