आरोपी मोहन शाहू उर्फ बंजर के खिलाफ नशा तस्करी के तीन मामले पहले से दर्ज
एक मामले में 32 ग्राम हेरोइन की थी जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। खड़क मंगोली में बुधवार को नशा तस्कर की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर पुलिस ने बुलडोजर चला दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सहयोग से की। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहन शाहू उर्फ बंजर के खिलाफ नशा तस्करी के दो मामले थाना सेक्टर-20 में और एक मामला अमृतसर में दर्ज है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि मामला हेरोइन तस्करी से संबंधित है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज की अगुवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 25 फरवरी को सूचना के आधार पर मोहन शाहू और उसके साथी उत्तर प्रदेश के शाहबाद निवासी नेकपाल को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 32 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नशा तस्करी की चैन को तोड़कर 100 ग्राम हेरोइन और तीन अन्य आरोपियों प्रिंस, मलकीत सिंह व हरप्रीत (तीनों अमृतसर निवासी) को भी गिरफ्तार किया था।