पंचकूला। दीपावली के मद्देनजर नगर निगम ने दुकानदार और शोरूम मालिकों के लिए नए नियम बनाकर उन्हें एक अच्छी खबर दी है। वह अब दीपावली पर अपनी दुकान और शोरूम के सामने की जगह को स्टॉल लगाने के लिए बुक करवा कर कमाई कर सकते हैं। दीपावली के अवसर पर दुकानदारों की ओर से रेहड़ी-फड़ी लगाई जाती है। जिसके लिए नगर निगम द्वारा कुछ नियम बनाएं गए हैं। नगर निगम कमिश्नर आरके सिंह ने बताया कि निगम की ओर से दुकानदारोें को दुकानों के आगे टेंट और स्टॉल लगाने के लिए सुविधा दी गई है। इसके लिए नगर निगम की ओर से बुकिंग शुरू कर दी गई है।
कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से दुकानों-शोरूमों के आगे स्टॉल की बुकिंग के लिए एक वेबसाइट www.mcpanchkula.org लांच की गई है। इस पर बुकिंग स्टॉल एप डाउनलोड करके अलग-अलग सेक्टर में फीस जमा करके ऑनलाइन बुकिंग करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बुकिंग 9 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। बुकिंग करने के बाद प्रत्येक दुकानदार को अपने स्टॉल और टेंट पर रसीद चस्पा करनी होगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम द्वारा जांच की जाएगी कि संबंधित व्यक्ति ने स्वीकृति प्राप्त की है या नहीं। अगर निरीक्षण के दौरान स्टॉल अनाधिकृत पाया गया तो संबंधित व्यक्ति से दोगुनी फीस ली जाएगी। आरके सिंह ने बताया कि दुकानदार और शोरूम के मालिक स्टॉल के लिए नगर निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। यह बुकिंग केवल दुकान का मालिक ही कर सकता है, कोई अन्य व्यक्ति दुकानदार के सामने की जगह को बुक नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि टेंट और स्टॉल के लिए निर्धारित रेट, नियम और शर्तों की पूरी जानकारी नगर निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध है।