सेक्टर-21 के पार्क में मिला 75 वर्षीय व्यक्ति का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-21 निवासी 75 वर्षीय चंद्र मोहन, जो रविवार रात सैर के लिए घर से निकले थे, उनका शव सोमवार सुबह सेक्टर-21 स्थित एक पार्क में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
जानकारी के अनुसार चंद्र मोहन रविवार रात करीब 10 बजे रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और चौकी सेक्टर-21 में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
सोमवार सुबह पार्क में एक बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव की पहचान चंद्र मोहन के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।