पंचकूला सेक्टर-25 के वाटर वर्क्स में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी गोविंद बेनिवाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। रात करीब ढाई बजे घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर उसके सिर, होंठ और गले पर वार किए। इसके बाद चारपाई से बांधकर बोरी से ढक दिया और करीब 180 से 200 मीटर 150 स्क्वायर एमएम कॉपर बिजली तार काटकर फरार हो गए।
तार चोरी होने से मोटर संचालन प्रभावित हुआ और सेक्टर-26, सेक्टर-27 समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह पानी की सप्लाई बाधित रही।
सुबह शिफ्ट बदलने पहुंचे कर्मचारियों ने गोविंद को बेसुध हालत में देखा तो हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने उसे मुक्त कराया और सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
लाखों की कॉपर वायर ले गए बदमाश
एचएसवीपी अधिकारियों के अनुसार, चोर करीब 180 से 200 मीटर कॉपर वायर काटकर ले गए। इसकी कीमत करीब छह से सात हजार रुपये प्रति मीटर बताई जा रही है। ऐसे में चोरी गई तार की कीमत लाखों रुपये में है। एचएसवीपी इंजीनियरिंग विंग ने मामले की शिकायत सेक्टर-25 पुलिस चौकी में दी है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। तार चोरी होने से मोटर संचालन प्रभावित होने के कारण सेक्टर-26, सेक्टर-27 और आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित रही। विभागीय कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे पानी की सप्लाई बहाल की।
पहले भी हो चुकी है चोरी, सुरक्षा पर सवाल
वाटर वर्क्स में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बार बदमाशों ने सरकारी संपत्ति चोरी करने के साथ कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर वारदात को और गंभीर बना दिया।
पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरूरत
सेक्टर-25 निवासी पुष्पा सिंहरोहा ने कहा कि वाटर वर्क्स में पहले भी चोरी हो चुकी है। पुलिस को क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरूरत है। तार चोरी होने के कारण सुबह पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप रही, जिससे लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा। पूर्व पार्षद संदीप सोही ने कहा कि रात करीब दो बजे चोरी के दौरान चौकीदार के सिर पर वार कर उसे रस्सियों से बांध दिया गया। तार चोरी होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है।