पंचकूला। विश्व रक्तदाता दिवस पर विश्वास फाउंडेशन, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा और अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से रविवार को पंचकूला में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में रक्त की कमी दूर करना और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर जीवनदान देना था। पंचकूला सेक्टर-9 स्थित बीकेएम विश्वास स्कूल में शिविर सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चला। शिविर का उद्घाटन विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास, मुख्य अतिथि पंचकूला नगर निगम के मेयर शाम लाल बंसल, पार्षद भारत हितेशी, पार्षद अनुराधा पूरी, ओम प्रकाश देवी नगर, सुरेंद्र कुमार बंसल, तेजपाल गुप्ता, राजेंद्र गुलाटी और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सचिव सविता अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेयर ने डोनर्स को बैज लगाकर सम्मानित किया। पंचकूला प्रशासन से जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. विशाल सैनी ने भी रक्तदान किया। एनएसजी ग्रुप के सदस्य भी डोनेशन के लिए पहुंचे।
पीजीआई चंडीगढ़ ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. अनुभव और पैरामेडिकल स्टाफ की देखरेख में पंचकूला में लगाए गए शिविर में 71 यूनिट रक्त एकत्र किया। 85 डोनर्स ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 14 को स्वास्थ्य कारणों से डाक्टरों ने रक्तदान से मना किया। सभी स्वैच्छिक दाताओं को विश्वास फाउंडेशन की ओर से बैज, उपहार और प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।