पंचकूला। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट ने अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान जागरूकता शिविर का आयोजन माता मनसा देवी मंदिर परिसर में किया। दूसरों को जिंदगी देने के लिए 75 श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर पुण्य कमाया। शिविर के आयोजन में महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी द्वारा श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी अहम भूमिका निभाई।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के पैटर्न अवतार सिंह सलारिया ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वह इस नेक कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लें। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश कुमार संगर एवं महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी के प्रधान अमित जैन ने बताया कि हर वर्ष संस्था नवरात्रों पर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से छह वर्षों से श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए जागरूक करती है।
उन्होंने यह भी बताया आजकल लगभग सभी अस्पतालों में भारी मात्रा में डेंगू के मरीज आ रहे हैं। रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है, जिनकी जिंदगी की डोर रक्त की कमी से कमजोर पड़ जाती है। शिविर में 11 लोगों को स्वस्थ ठीक न होने के कारण रक्तदान करने से मना किया गया। ब्लड बैंक, पीजीआई चंडीगढ़ की टीम द्वारा रक्त एकत्रित किया गया। इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के दीपक शर्मा, परवीन सिंगला, लक्ष्मण सिंह रावत, राजकुमारी, अश्विनी कुमार, गुलशन कुमार, मुकेश बंसल, दिव्या गुप्ता, सतगुरु, शारदा गौतम, काबल सिंह सलारिया एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह एवं बैज देकर प्रोत्साहित किया।