चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि वह बताएं कि गुजरात जेल में बंद गैंगस्टर धमकी कैसे दे रहे हैं। विपक्षी दल राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ने का बार-बार दावा करके पंजाब को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान पन्नू ने कहा कि पंजाब देश के सबसे सुरक्षित और स्थिर राज्यों में से एक है। इसकी तुलना भाजपा शासित राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से की जाए, तो वहां की कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। सार्वजनिक सुरक्षा के लिए असली खतरा पंजाब से नहीं बल्कि उन राजनीतिक ताकतों से है, जो गैंगस्टरों को सक्रिय रूप से सहायता दे रही हैं।
उन्होंने गुजरात की जेल के अंदर से कथित तौर पर कैद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की वायरल हुई एक ऑडियो कॉल का हवाला दिया। पन्नू ने सवाल किया कि भाजपा की निगरानी में, गुजरात की एक हाई-सिक्योरिटी जेल में बंद एक गैंगस्टर खुलेआम फोन करके धमकियां दे रहा है। भाजपा बताए कि इस गैंगस्टर को जेल के अंदर मोबाइल फोन तक पहुंच कैसे मिल रही है?