संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और वैध दस्तावेजों के बाइक चलाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 हजार रुपये का चालान काटकर बाइक को इंपाउंड कर लिया। सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंद्र कुमार के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस टीम ने अभयपुर, सेक्टर-19 पंचकूला में औचक चेकिंग के दौरान एक बाइक को रोका। जांच में सामने आया कि बाइक चालक के पास वाहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज मौजूद नहीं था। इसके अलावा बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी और वाहन मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया। ट्रैफिक नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए मौके पर ही 26 हजार रुपये का चालान काटते हुए बाइक को इंपाउंड कर दिया गया।
सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंद्र कुमार ने बताया कि शहर में बिना दस्तावेज, बिना नंबर प्लेट, ओवरस्पीड और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे वाहन न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं। इस संबंध में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना दस्तावेज और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी वैध दस्तावेज साथ रखें, नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।