पंचकूला। शहर के सेक्टर-17 के पास राजीव कॉलोनी में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। यहां पर विभाग ने बिजली के खंभों के कनेक्शन बाॅक्स खुले छोड़ रखे हैं। इससे बारिश के माैसम में खंभों के पास पानी भरने से किसी को भी करंट लगने का खतरा बना हुआ है। यह देखकर बिजली विभाग के करंट से लोगों के बचाव के लिए किए गए बंदोबस्तों के दावों की पोल खुल रही है। इन खंभों के खुले बाॅक्स से बिजली के नंगे तार बाहर तक लटके पड़े हैं। यहां आसपास रहने वाले लोग इन खतरनाक खंभों के पास से जान जोखिम में डालकर निकलते हैं।
राजीव कॉलोनी में हालात यह हैं कि जगह-जगह बिजली के खंभों के बॉक्स खुले होने के कारण इनसे बाहर तक नंगी तार लटकी पड़ी हैं। लोगों ने बताया कि कईं जगह बिजली के बॉक्सों को बंद करने के छाटे दरवाजे ही नहीं हैं और जहां पर हैं तो वह टूटे पड़े हैं। इन बॉक्स में किसी भी समय स्पार्किंग होती रहती है। अब बारिश का मौसम शुरू हो गया है तो ऐसे में लोगोें को करंट लगने का खतरा ज्यादा बना रहता है। कई जगह बिजली के तार नीचे फुटपाथ पर ही पड़े रहते हैं। जबकि यहां पर बिजली विभाग की लापरवाही के कारण कईं लोगों को करंट लग चुका है। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इन हादसों के बाद भी बिजली विभाग सजग दिखाई होता नजर नहीं आ रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। यह समस्या एक दो दिन या महीने से नहीं, बल्कि कई साल से बनी हुई है। ऐसे में जरा सी लापरवाही से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस समस्या को लेकर विभाग को शिकायतें भी दी गई, लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे लोगों में सरकार के खिलाफ रोष है।
करंट लगने का खतरा
हमारी कॉलोनी में जगह-जगह बिजली के बॉक्स खुले पड़े हैं और नंगी तार बाहर लटकी हैं। यहां से गुजरते वक्त करंट लगने का खतरा रहता है। अंधेरे में यहां से गुजरना बड़ा मुश्किल हो जाता है और हादसे का डर रहता है। यह विभाग की बहुत बड़ी लापरवाही है। विभाग को समस्या का समाधान करना चाहिए। -समाजसेवी विजय सैणी, राजीव कॉलाेनी
विभाग को परवाह नहीं
बिजली विभाग को लोगों की समस्या से कोई वास्ता नहीं है। उनकी लापरवाही का खामियाजा कॉलोनी के लोगों को भुगतना पड़ रहा है और जान का खतरा बना है। विभाग सिर्फ बिजली बढ़ोतरी करने में व्यस्त है। उनको लोगों की जानमाल की कोई परवाह नहीं है। विभाग लोगों को परेशान कर रहा है। -डॉ. रामप्रसाद, इंदिरा कॉलाेनी
विभाग सिर्फ आश्वासन देता है
हमारी कॉलोनी के लोगों को हो रही समस्या के समाधान के लिए कईं बार बिजली विभाग को लिखित शिकायत दी है। लेकिन विभाग हमें सिर्फ आश्वासन ही देता रहता है। कईं लोगों को करंट लगने के बाद भी विभाग इस और आंखें बंद करके बैठा हुआ है। विभाग को लोगों कि समस्या की और ध्यान देना चहिए। -उषारानी, पार्षद वार्ड नंबर-7
कोई भी ध्यान नहीं दे रहा
हमारी कॉलोनी में बिजली के खंभों के खुले पड़े बॉक्स की यह समस्या एक दो दिन या महीने से नहीं, बल्कि कई साल से लगातार बनी हुई है। ऐसे में जरा सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना की वजह बन सकती है। लेकिन इस और कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। -प्रेमशिला, राजीव कॉलोनी
-
कोट....
सेक्टर-17 के पास बसी राजीव कॉलोनी अवैध तरीके से बसी हुई है। सरकार की ओर से ऐसे कोई दिशानिर्देश नहीं हैं कि विभाग यहां पर काम करे। यहां की गलियों की चौड़ाई भी कम है। खंभे लगाने में भी दिक्कत है। यहां लोगों की बिजली की तार भी खुद की लगाई हुई हैं। वह अपने स्तर पर कोई भी काम ठीक करवा सकते है। -नीरज चोपड़ा, कार्यकारी अभियंता बिजली निगम पंचकूला