आदमपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई अपने दादा एवं पूर्व सीएम भजनलाल और कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भरोसे टिकी हुई है। दोनों ही दलों के नेताओं ने स्टार प्रचारकों के नाम पर लंबी चौड़ी लिस्ट भले ही जारी कर दी है, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश, जेपी का प्रचार करने के लिए अभी तक सिर्फ भूपेंद्र सिंह हुडडा, सांसद दीपेंद्र हुडडा और उदयभान सहित हुड्डा कैंप के अन्य विधायक जुटे हुए हैं।
कांग्रेस की तरफ से विधायक किरण चौधरी या पूर्व मंत्री कुमारी सैलजा चुनाव प्रचार में नहीं गई हैं। किरण चौधरी के पास महाराष्ट्र कांग्रेस का प्रभार है। लिहाजा इन दिनों वे महाराष्ट्र के दौरे पर हैं, लेकिन अपनी बात वे पहले रख चुकी हैं कि आदमपुर में प्रत्याशी चयन को लेकर उनकी राय नहीं ली गई।
भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई के प्रचार के लिए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, सांसद कृष्णलाल पंवार प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और कृषि मंत्री जेपी दलाल आदमुपर का दौरा कर चुके हैं, लेकिन आदमपुर को अभी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के दौरों का इंतजार है। अनिल विज भी कितनी शिदद्त के साथ यहां प्रचार करेंगे यह देखना होगा, क्योंकि 2014 में भाजपा को कुलदीप बिश्नोई से अलग करने में अहम भूमिका निभाने वाले अनिल विज ही थे। उन्होंने ही बयान दिया था कि हरियाणा में भाजपा डॉ. मंगलसेन के आदर्शों पर चलेगी न कि भजनलाल के आदर्शों पर। विज के इस बयान के बाद ही हरियाणा में भाजपा ने 2014 का चुनाव कुलदीप बिश्नोई से अलग होकर लड़ा था और हरियाणा में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनी थी।
आप को केजरीवाल का सहारा
आम आदमी उम्मीदवार सतेंद्र सिंह भी यहां दिल्ली के मुख्यमंत्रत्री अरविंद केजरीवाल के ही भरोसे है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान यहां शुरुआती दौर में औपचारिकता निभाकर चले गए। यही नहीं पंजाब आप की टीम इस समय गुजरात और हिमाचल चुनाव में व्यस्त है। लिहाजा आप के प्रचार के लिए अब और कौन से नेता आएंगे आदमपुर की जनता की नजर इस पर टिकी है।
भाजपा ने डेरा डाला
आदमपुर में भाजपा जीत रही है। भाजपा के कई नेताओं ने वहां डेरा डाल दिया है। 21 अक्तूबर को मैं भी जा रहा हूं। कांग्रेस ने रणदीप सुरजेवाला को जैसे कैथल से जींद भेजा था। वैसे ही जयप्रकाश को कलायत से आदमपुर भेजा है।
- ओपी धनखड़, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा।