पंचकूला। भाईदूज का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा। माता मनसा देवी मंदिर के पंडित सुभाष चंद ने बताया कि भाईदूज का त्योहार भाई बहन के स्नेह और प्रेम को अभिव्यक्त करता है। इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक करती हैं। बहनें उनके उज्ज्वल भविष्य और लंबी आयु की कामना करती हैं। भाई अपनी बहन को उपहार देते हैं। इस पर्व के दिन बहन के घर भाई के भोजन करने की परंपरा है।
मान्यता के अनुसार यमुना ने अपने भाई यम को इस दिन खाने पर बुलाया था। इस वजह से इस दिन को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाना है। पंडित सुभाष चंद ने बताया कि सुबह 10.08 बजे से 11.38 बजे तक लाभ और अमृत की चौघड़िया है। इस दौरान भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त है। वहीं दोपहर बाद तीन से साढ़े चार बजे तक राहुकाल है। राहुकाल में बहनें अपने भाई को तिलक न लगाएं।