पंचकूला। वन, पर्यटन एवं शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा की गोशालाएं प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती हैं। गाय के गोबर से बने गोमय गमलों में अपनी रुचि दिखाकर मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि दस हजार गमले गोशाला से खरीद कर प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रयोग सफल होने पर कम से कम एक करोड़ गमले वन विभाग हरियाणा गो सेवा आयोग से पंजीकृत प्रदेश की गोशालाओं से खरीद सकते हैं। वन विभाग में इस वर्ष गोमय दीपावली मनाने के लिए गाय के गोबर से बने दीपकों को खरीदने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए। वन, पर्यटन एवं शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर मंगलवार को पिंजौर की श्री कामधेनु गोशाला सेवा सदन में हरियाणा गो सेवा आयोग के तकनीकी मार्गदर्शन में स्थापित गोवंश अनुसंधान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि गोशालाओं में गाय के गोबर से बन रही खाद खेती के लिए उत्तम किस्म की खाद साबित हो सकती है। उन्होंने आह्वान किया कि गाय के गोबर आधारित खाद कृषि भूमि में प्रयोग करें। एक तरह से इस प्रकार की रासायनिक खाद से गुणवत्ता में ज्यादा बढ़िया होती है, वहीं दूसरी तरफ रासायनिक खाद से काफी सस्ती भी होती है। इसके साथ-साथ प्रदेश की गोशालाओं की आमदनी होगी तो गोशाला भी आत्मनिर्भर होंगी। श्रवण कुमार गर्ग ने कहा कि गोशालाओं में बन रहे उत्पाद प्रयोग करने से प्रदेश की गोशालाओं को स्वावलंबी बनाने में सहायता मिलेगी और प्रदेश में बेसहारा गोवंश की समस्या से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग, हरियाणा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक वीएस तंवर भी मौजूद रहे। हरियाणा गो सेवा आयोग के सचिव डॉ. चिरंतन कादयान, वन संरक्षक निवेदिता, गोवंश अनुसंधान केंद्र के ट्रस्टी नवराज धीर विशेष रूप से इस मौके पर उपस्थित रहे।
वन विभाग गो उत्पाद के लिए करेगा अनुबंध
हरियाणा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक वीएस तंवर ने कहा कि हरियाणा गो सेवा आयोग से एक अनुबंध हस्ताक्षरित करेंगे। हमारे विभाग में प्रयोग होने वाले उत्पाद गोशालाओं से खरीदेगी। इस मौके पर आयोग के तकनीकी सलाहकार सुधीर राणा, आयोग में पशु चिकित्सक अश्वनी कुमार, गोशाला प्रबंधक समिति के प्रधान नरेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल, भारत भूषण बंसल, रोहित सिंगला, सौरभ गर्ग, कश्मीरी लाल और अन्य पदाधिकारी और गो भक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम से पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर के गोवंश अनुसंधान केंद्र में पहुंचने पर हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग, सचिव डॉ. चिरंतन कादयान, केंद्र के ट्रस्टी नवराज धीर और गोशाला प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कंवरपाल ने गोशाला पहुंचकर सबसे पहले गाय माता को हरा चारा और गुड़ खिलाया। कार्यक्रम के अंत में हरियाणा गो सेवा आयोग द्वारा उनको एक स्मृति चिह्न और शॉल भेंट की गई। श्री गोशाला समिति द्वारा गो उत्पाद भी कंवरपाल गुर्जर को भेंट किए।