2 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। कालका-पिंजौर क्षेत्र में अवैध वसूली और सट्टेबाजी से जुड़े बंबीहा गैंग के एक सक्रिय गुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध रिवॉल्वर और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
आरोपी की पहचान मोहम्मद अकरम निवासी इस्लामनगर, पिंजौर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट के करीब आठ मामले दर्ज हैं।
इंचार्ज निर्मल सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी एएसआई गुरमेज सिंह की टीम ने नवांनगर टी-प्वाइंट के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि अकरम कई वर्षों से बंबीहा गैंग के लिए काम कर रहा था और पिंजौर व कालका क्षेत्र में अवैध वसूली व सट्टेबाजी का संचालन कर रहा था।
पुलिस आरोपी की निशानदेही पर यूपी और हिमाचल में छापेमारी की तैयारी कर रही है, ताकि गैंग से जुड़े अन्य साथियों और अवैध हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान उसके नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंचकूला को गैंग-मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में पिंजौर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।