पंचकूला। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर मास्क, सैनिटाइजर व जागरूकता पत्रक वितरित किए। सुमित्रा चौहान ने पंचकूला और अंबाला में सामान वितरित किया। प्रत्येक जिले में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने लोगों को जागरूक किया। यह अभियान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमप्रकाश धनखड़ के निर्देश पर भाजपा हरियाणा उपाध्यक्ष व हरियाणा महिला मोर्चा प्रभारी संतोष यादव और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के 22 जिलों में चलाया गया।
इसमें सभी प्रभारियों, महिला मोर्चा जिला अध्यक्षों ने सहयोग किया। जनजागरण अभियान के तहत मंडल स्तर पर दो-दो टोलियां बनाई गईं। हर टोली में पांच-पांच भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिन्होंने हरियाणा के सभी 306 मंडलों में ग्राम स्तर पर मास्क, सैनिटाइजर व जन जागरण पत्रक आदि का वितरण किया।
हरियाणा भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रंजीता मेहता ने बताया कि मोदी के नेतृत्व में देशवासियों ने चुनौतियों का डटकर सामना किया है। उनके मार्गदर्शन में भारत का आत्मविश्वास जागा। हरियाणा प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष प्रवीन जोशी ने अभियान में दवाई, सैनिटरी नैपकिन व अन्य जरूरत की सामग्री की व्यवस्था की है तथा सभी जिलों में निरंतर चल रही सेवा रसोई के माध्यम से बिना रुके जरूरतमंद लोगों को समय पर भोजन भी उपलब्ध कराने का कार्य किया है।