पिंजौर। प्रशासन की अनदेखी के चलते ऑटो चालक सवारियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। हालात ये हैं कि लॉकडाउन से पहले जहां पिंजौर से कालका तक का किराया 10 रुपये था वहीं, अब 20 रुपये वसूले जा रहे हैं। एक तरफ जनता अपने आप को ठगा से महसूस कर रही है वहीं, प्रशासन को कार्रवाई के लिए शिकायत का इंतजार है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अगर शिकायत आएगी तो किराये को लेकर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिंजौर से कालका, मल्लाह, सूरजपुर व पंचकूला आदि स्थानों पर सैकड़ों सवारियां अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए ऑटो के माध्यम से आवाजाही करती हैं। लॉकडाउन के दौरान यात्रियों के लिए रोडवेज बसों की संख्या कम हुई है तो ऑटो चालकों ने सवारियों से पहले की तुलना में अधिक किराया वसूलना शुरू कर दिया है। अनलॉक के दौरान प्रशासन ने ऑटो चालकों को नियमों के अनुसार दो सवारियां बिठा कर ऑटो चलाने की अनुमति दी थी। इसके चलते नुकसान की भरपाई करने के लिए ऑटो चालकों ने किराया लॉकडाउन से पहले की तुलना में लगभग दोगुना कर दिया है। लोगों का कहना है अनलॉक के दौरान अब ऑटो चालक दो सवारियां बिठाने की बजाय अधिकतर ऑटो ओवरलोड चल रहे हैं तो किराया पहले जितना ही लिया जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अधिक किराया वसूलने वालों पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार किराया सुनिश्चित किया जाए। रोडवेज बसों में पिंजौर से कालका तक का किराया 5 रुपये है जबकि ऑटो चालक रोडवेज की तुलना में चार गुना अधिक किराया वसूल रहे हैं।
क्या कहते हैं लोग
प्रशासन का हो नियंत्रण
ऑटो चालकों द्वारा किराया वसूले जाने पर प्रशासन का नियंत्रण होना चाहिए। अगर ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं तो यह सिर्फ प्रशासन की ही नाकामी है। निर्धारित दूरी के लिए किराया 10 हो या 20 रुपये लेकिन नियमानुसार तय किया जाना चाहिए। ताकि लोगों को परेशानी न हो। -मदनपाल, पूर्व सरपंच।
क्षमता से ज्यादा सवारी
अधिकतर ऑटो चालक क्षमता से अधिक सवारियां बिठाकर जहां लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं, वहीं सवारियों से किराया भी मनमाना वसूला जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए आम जनता के हित को ध्यान में रखकर ऑटो चालकों के लिए किराया निर्धारित करना चाहिए। -रमेेश शर्मा, स्थानीय निवासी।
समझाए जा रहे चालक
प्रशासनिक अधिकारी शहर के ऑटो चालकों के साथ बैठक कर उन्हें समझा रहे हैं। चालकों को नियमानुसार सवारियां बिठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ओवरलोड ऑटो चालकों के चालान कर रही है। जल्द ही लोगों की समस्याओं को भी दूर करवा दिया जाएगा। - राजेश कुमार, एसएचओ ट्रैफिक
यातायात नियमों के अनुसार ऑटो चालकों को सवारी बिठाने की अनुमति है। ऑटो चालकों द्वारा लिए जा रहे किराये के संबंध में अगर उनके पास शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऑटो एसोसिएशन इस मामले को देख रही है और यदि एसोसिएशन फैसला लेने में नाकाम रहती है तो प्रशासन इस पर फैसला लेगा। -राकेश संधू, एसडीएम कालका।