बच्चा चोरी करने के मामले में पकड़ी गई महिला।
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल से 19 फरवरी को चोरी हुए पांच दिन के बच्चे को पुलिस ने महिला के साथ ढूंढ लिया है। पुलिस ने हिमाचल निवासी राधा को मंडी जिले से गिरफ्तार कर बच्चे को माता और पिता को सौंप दिया है।
वहीं बच्चे को पीलिया होने की वजह से सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं बच्चा चोरी करने वाले ऑटोवाले गिरीश को खोजने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। सेक्टर 7 थाना प्रभारी राजवीर यादव ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। वहीं दो और लोगों को पुलिस ने राउंडअप किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ऑटोवाले ने महिला मित्र को देने के लिए पांच दिन का बच्चा अस्पताल से चुराया था। सेक्टर-7 थाना प्रभारी राजवीर यादव ने बताया कि शनिवार को महिला को हिमाचल के मंडी जिले से काबू किया। आरोपी महिला ने बताया कि शादी के बाद वह पंचकूला इंदिरा कालोनी में रहती थी।
वहीं उसकी ऑटोवाले गिरीश से मुलाकात हो गई थी। शादी के दो साल बाद पति से तलाक के बाद वह अकेली रहने लगी। महिला ने पूछताछ में बताया कि वह मनीमाजरा निवासी सुमन के बच्चे को सरकारी अस्पताल मनीमाजरा में देखने के बाद से चोरी करने का मन बना लिया था।
मनीमाजरा अस्पताल में प्लान बनाकर मां सुमन और उसके पति सीताराम को सेक्टर-6 अस्पताल लेकर गई। वहीं पर गिरीश ने बच्चे को चुराया और महिला मित्र को देकर उसके साथ चंपत हो गया। राजवीर यादव ने बताया कि आरोपी गिरीश की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। संवाद