आंटी... आपके खाते में ज्यादा रुपये चले गए, कहकर 2.20 लाख रुपये ठगे
पंचकूला। साइबर ठग शहर में आए दिन लोगों को किसी न किसी बहाने से ठगी का शिकार बना रह हैं। इसी तरह का एक नया मामला सामने आया है। इसमें साइबर ठग ने बुजुर्ग महिला का भतीजा बनकर उनको फोन किया और हालचाल पूछने के बाद उनके बैंक खाते से 2.20 लाख रुपये उड़ा लिए। महिला की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में 60 साल की बुजुर्ग महिला ज्योति वगूं ने बताया कि 10 अप्रैल को उनके मोबाइल पर काॅल आई और उनको कहा कि आंटी में आपका रिश्तेदार चांद बोल रहा हूं। इसके बाद उनके हालचाल पूछे और बातों में उलझाकर कहा कि मैं आपके बैंक खाते में 3.75 लाख रुपये भेज रहा हूं। इसके बाद उनके मोबाइल फोन पर उनके बैंक खाते में 5.95 लाख रुपये भेजने का मैसेज भेजा गया। इसके बाद ज्योति वगूं ने अपने पड़ोसी से यह रकम उनके खाते में आने का मैसेज चेक करवाया तो पड़ोसी ने इसकी पुष्टि कर दी। इसके बाद उन्हें फोन आया कि आंटी मैंने आपके खाते में 3.95 लाख रुपये भेजने थे लेकिन ज्यादा भेज दिए हैं। इसलिए उसे बाकी के 2.20 लाख रुपये वापस किए जाएं। इस पर महिला ज्योति वगूं ने अपने बैंक खाते से उसके बताए गए खाते में 2.20 लाख रुपये वापस भेज दिए। इसके बाद साइबर ठग लगातार फोन करके उनसे कहता रहा कि उसके खाते में पैसे नहीं आए और वह उसको 2.20 लाख रुपये वापस भेज दें। जबकि वह पैसे भेज चुकी थी। इस पर उन्हें शक हुआ।
इसके बाद उन्होंने अपने खाते में चेक किया तो उनके खाते में पैसे नहीं आए थे। इस पर उन्हें अपने साथ 2.20 लाख रुपये की ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।