चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की वीरवार को दिल्ली में पहली बैठक आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव पर भी मंथन हुआ और सीएम भगवंत मान पर भरोसा जताया गया है।
आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने बैठक के बाद कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। पंजाब के लोग भगवंत सिंह मान को दोबारा सीएम बनाना चाहते हैं। सूबे के लोग नहीं चाहते कि पंजाब को दोबारा नशे में धकेला जाए क्योंकि पिछली सरकारों के समय प्रदेश में हालात बहुत खराब थे और आप सरकार आने के बाद इसमें सुधार हुआ है। पंजाब में पार्टी का संगठन भी बहुत अच्छा काम कर रहा है।
बैठक में पीएसी से जुड़े पंजाब के नए सदस्य सीएम भगवंत सिंह मान और मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी शामिल हुए। सिसोदिया ने बताया कि बैठक में गोवा और गुजरात में होने वाले चुनावों को जितने को लेकर गहन मंथन हुआ। गोवा और गुजरात की जनता भाजपा की सरकार से त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा कि बैठक राजस्थान के बारां में मिली जीत पर चर्चा हुई। बहुत जल्द अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और मैं राजस्थान के बारां जाकर वहां रोड शो करेंगे। सिसोदिया ने बताया कि पीएसी में यूपीआई को लेकर भी चर्चा हुई। सरकार ने ट्रंप के दबाव में यूपीआई को लेकर जो फैसला लिया है, उससे पूरे देश के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। लोगों को अपना पैसा खर्च करने के लिए अब फीस चुकानी पड़ेगी जो सही नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 80 फीसदी फायदा अमेरिकी कंपनियों को होगा। इस मुद्दे को पार्टी और संगठन की तरफ से जोर-शोर के साथ उठाया जाएगा। सिसोदिया ने दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनाव में फर्जी वोट का भी आरोप लगाया और कहा कि अब एसआईआर हुई है, तो वे सारे वोट काट दिए गए हैं। चुनाव से ठीक पहले जितने भी वोट बने थे, वे सब के सब फर्जी थे। अब देखना है कि चुनाव आयोग इस बात का कैसे संज्ञान लेगा।