पेट्रोल पंप कर्मचारियों से घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : PKL OFFICE
बरवाला। पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों से मारपीट कर चार लाख रुपये लूटने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। मामला सोमवार दोपहर का है। दोनों कर्मचारी एक बाइक में सवार होकर नेशनल हाईवे स्थित ईको पेट्रोल पंप से चार लाख आठ हजार रुपये लेकर आंध्र बैंक में जमा करवाने जा रहे थे। लूट के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर मौके का मुआयना किया। मामला दर्ज कर पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अलीपुर टाऊन के नजदीक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर ईको पेट्रोप पंप के कर्मचारी गुरनाम सिंह और अनिल बाइक पर चार लाख आठ हजार रुपये अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में आंध्र बैंक में जमा करवाने जा रहे थे। जैसे ही वे मट्टावाला फ्लाईओवर के नजदीक से गुजरे तो वहां पर दो बाइक और एक एक्टिवा पर सवार चार नकाबपोश युवकों ने बाइक रुकवाकर उनके पास मारपीट कर कैश लूटने की कोशिश की। गुरनाम और अनिल हमलावरों के चंगुल से छूटकर भागने में कामयाब रहे। पेट्रोल पंप कर्मियों ने इस घटना की जानकारी रामगढ़ पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज विनोद कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। सूचना मिलते ही एसएचओ चंडी मंदिर दीपक शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर नकाबपोशों की तलाश शुरू कर दी है।