आर्मी के ट्रक ने ओल्ड पंचकूला के पास एक ऑल्टो कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
युवक शिमला से चंडीगढ़ अपने एक परिचित को छोड़कर व घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसा सोमवार अल सुबह हुआ। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि ट्रक को लद्दाख यूनिट का चालक चला रहा था।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे उस समय हुआ, जब दोनों युवक ऑल्टो कार में सवार होकर जीरकपुर से शिमला की ओर जा रहे थे।
इसी बीच कालका की ओर से चंडीगढ़ की ओर मुड़ रहे आर्मी के ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आर्मी के ट्रक एवं ड्राइवर की तलाश जारी है।
नीरज उर्फ नीजू (19) निवासी दिव्यानगर गांव नलदूर शिमला एवं सत्यम (19) निवासी लोहट्टू शिमला दो दिन पहले दोस्त अरुण की टैक्सी लेकर घूमने के लिए चंडीगढ़ आए थे।
इस दौरान उन्होंने अपने एक बीमार परिचित व्यक्ति को भी साथ लेकर आए। बीमार को चंडीगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल में छोड़ा और सोमवार सुबह तकरीबन पांच बजे यह लोग चंडीगढ़ से वापस शिमला के लिए निकल पड़े।
जब दोनों ओल्ड पंचकूला के पास पहुंचे तो दूसरी तरफ से आ रहे आर्मी के ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रक कार को कुछ दूर तक घसीटते हुए चला गया।
टक्कर लगने के कारण दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले की उन्हें कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जाता, तब तक उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि सेना की लद्दाख यूनिट टू का शैराफ चोंजर ट्रक को चला रहा था।
चालक आर्मी एरिया में ले गया ट्रक
ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद तुरंत ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कुछ दूर तक ट्रक का पीछा किया, लेकिन ट्रक चालक आर्मी एरिया में घुस गया। इसके बाद पुलिस को उन्होंने मामले की सूचना दी। इसके बाद शवों की शिनाख्त के लिए सेक्टर-6 स्थित अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया।
टैक्सी चालक को किया पुलिस ने फोन
मृतक नीरज के पिता कमलेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने टैक्सी चालक अरुण को फोन करके हादसे के बारे में सूचना दी। इसके बाद उन्हें हादसे के बारे में पता चला।
नीरज ने हाल ही में 10वीं पास की थी और उनके साथ ठेकेदारी एवं ट्रांसपोर्ट के काम में हाथ बंटाता था। नीरज की एक बड़ी बहन है।
वहीं, सत्यम के पिता लोहट्टू में बस स्टैंड पर चाय स्टाल का काम करते हैं और सत्यम भी उनके साथ ही काम करता था। कमलेश ने बताया कि पहले इन दोनों ने टैक्सी चालक अरुण के साथ आना था, लेकिन उसे कोई काम होने के चलते यह लोग उसकी गाड़ी लेकर आ गए।
पुलिस ने दी दबिश, फरार है ड्राइवर
सेक्टर-7 चौकी प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की एक टीम आर्मी एरिया में आरोपी को ढूंढने के लिए गई थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।