पंचकूला। पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध मौत के मामले में जांच कर रही एसआईटी ने वीरवार को घर में काम करने वाले नौकरों, माली और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की।
इससे पहले पुलिस ने पूर्व डीजीपी की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस के जवानों से भी पूछताछ की थी। एसआईटी ने अब तक 20 पुलिसकर्मियों और 7 घरेलू सहायकों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच के दौरान पुलिस को मृतक अकील अख्तर का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद हुआ था जिनकी फोरेंसिक जांच करवाई जा रही है। जांच में सामने आया है कि मौत वाले दिन अकील अख्तर ने कई लोगों से फोन पर बातचीत की थी जिनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पूछताछ में शामिल किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि इन वार्तालापों से घटना की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक अकील का पटियाला स्थित डी-एडिक्शन सेंटर में इलाज चल रहा था। पुलिस ने वहां से संबंधित दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं। आने वाले दिनों में अकील अख्तर के करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि मौत से पहले की स्थितियों का पूरा विवरण स्पष्ट हो सके।
सूत्रों के अनुसार, अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, और इस पर अंतिम निर्णय विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही किया जा सकेगा। फिलहाल एसआईटी ने जांच को और तेज कर दिया है और पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा और अन्य व्यक्तियों को भी जल्द पूछताछ में शामिल किया जाएगा।