पंचकूला। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में दर्ज सभी संगीन अपराधों की जांच में तेजी लाई जाए और हर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों को कानून के दायरे में सजा दिलवाना संभव हो सके। उपायुक्त ने यह निर्देश वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम और चिन्हित अपराधों की जांच की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। एसीपी दिनेश कुमार ने उपायुक्त को जिले में दर्ज 97 पुराने जघन्य आपराधिक मामलों और 3 नए एनडीपीएस मामलों की जानकारी दी। इन मामलों में महिलाओं के विरुद्ध अपराध, पासपोर्ट एक्ट, पॉक्सो एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि पुलिस विभाग को हर संगीन अपराध की जांच गहराई से कर कोर्ट में मजबूत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी चाहिए ताकि अपराधियों को सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में आरोप तय हो चुके हैं, उन्हें शीघ्रता से निपटाया जाए, ताकि पीडि़तों को समय पर न्याय मिल सके और समाज में कड़ा संदेश जाए कि अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-नशा रोकथाम पर फोकस
बैठक में उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने पुलिस और शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता शिविर, नुक्कड़ नाटक और सेमिनार के माध्यम से छात्रों को नशे से दूर रहने का संदेश दें।