माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्यविभाग की तरफ से शास्त्रीय, कथक और भरतनाट्यम पर आधारित 12 दिवसीय कार्यशाला एवं एक दिवसीय कार्यक्रम के लिए ऑडिशन आमंत्रित किए गए हैं। पंचकूला जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। उपायुक्त ने बताया कि केवल हरियाणा मूल के युवा, उभरते कलाकार जिनकी आयु 15 से 35 वर्ष हो, वे इसमें भाग ले सकते हैं।
इच्छुक आवेदक ई-मेल आर्टएंडकल्चरलएफेयर्सएचआरवाई एटदीरेट जीमेल डॉट कॉम पर आवेदन पत्र भरकर भेज सकते हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्रीय कथक नृत्य अथवा भरतनाट्यम ऑडिशन में भाग लेने के लिए कोई यात्रा, दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। आवेदन नाम, विद्या, आयु, जन्मतिथि, स्थान (जिला), पिता का नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी सहित भेजना होगा। आवेदन के लिए मूल दस्तावेज (आधार कार्ड, बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ, केंसिल चेक, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो) और उनकी प्रतियां साथ लेकर आनी होगी। ऑडिशन में चयनित कलाकार ही अंतिम कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे।
कमेटी द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम होगा। उन्होंने बताया कि जो कलाकार पूर्व में आवेदन कर चुके हैं, उन कलाकारों को पुन: आवेदन करने की जरूरत नहीं है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6239573353, 9728970819 अथवा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के एससीओ 29, पहली मंजिल, सेक्टर-7सी, मध्य मार्ग, चंडीगढ़ से संपर्क कर सकते हैं।