संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मोरनी स्थित नेचर कैंप थापली पर्यटकों के लिए दोबारा तैयार किया जा रहा है। वन विभाग की ओर से इसमें चार नए हट्स बनाए गए है। हट्स में पर्यटक परिवार के साथ एकांत में समय बिता सकेंगे। जल्द ही यह पर्यटकों के लिए खुलने जा रहा है। पर्यटकों को और बेहतर माहौल देने के लिए वन विभाग ने कुछ बदलाव भी किए गए हैं।
मोरनी प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेेशन है जहां ट्राईसिटी समेत, हरियाणा के अन्य जिलों और पंजाब व दिल्ली से पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। सरकार ने यहां पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए विशेष योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री ने टिक्करताल में पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, पैरासेलिंग, पावर मोटर, ई-हाईड्रोफॉयल, जेट स्कूटर, नौकायन का अवलोकन भी किया था।
-ट्रैकर्स, स्कूल के बच्चों और पर्यटकों को मिलेगा लाभ
मोरनी रोड स्थित नेचर कैंप थापली कोरोना काल के समय से करीब 4 साल से बंद है। इसके खुलने से सबसे अधिक लाभ ट्रैकिंंग करने वाले, स्कूल के बच्चों और पर्यटकों को मिलेगा। ट्रैकिंग करने वाले हट्स में रुक सकेंगे और आस-पास के एरिया में ट्रैकिंग कर सकेंगे। यहां पर्यटकों को मनोरम प्राकृतिक नजारा देखने को मिलेगा।
-दो महीने का लगेगा समय
पेड़ों के बीच बनी लग्जरी हट्स में रुकने की सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इनमें एसी, कॉपबोर्ड समेत जरूरत की सभी चीजें लग चुकी हैं। भोजन की व्यवस्था के लिए कैंटीन बनाई गई है। पानी के लिए थोड़ा समय लग रहा है। अधिकारियों की मानें तो करीब दो महीनों में सारा काम पूरा हो जाएगा और नेचर कैंप को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। पिछले साल आई बाढ़ में नेचर कैंप थापली में बने ट्री हाऊस टूट गए थे। बाढ़ में पानी की पाइप लाइन और सीवरेज की पाइप मलबे के नीचे दब गई थी।
नेचर कैंप थापली में चार नए हट्स बनवाए गए हैं। थोड़ा काम बाकी है, जल्द ही पूरा करके वर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। -विशाल कौशिक, वन मंडल अधिकारी