सेक्टर-1 स्थित रेड बिशप होटल में रविवार को अपेक्षा वेलफेयर सोसायटी (रजि.) ने शहर के अधूरे विकास कार्यों को लेकर बैठक की। इसकी अध्यक्षता सीमा भारद्वाज ने की। इस दौरान सभी समाजसेवियों ने सर्वसम्मति से सोसायटी की प्रधान पद की जिम्मेदारी सीमा भारद्वाज को दी।
करीब दो घंटे तक चली बैठक में बारिशों में की जा रही सड़कों की रीकार्पेटिंग का मुद्दा मुख्य रहा। इस मौके पर सीमा भारद्वाज ने कहा कि पंचकूला जिला को लंबे अरसे से विकास कार्यों में विलंब की शिकायत रही है। इसको लेकर रविवार को अपेक्षा वेलफेयर सोसायटी के सभी सदस्यों ने विकास संबंधी सभी परेशानियों का हल ढूंढने के लिए नीति बनाई।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों से बारिशों में चल रही सड़कों की रीकार्पेटिंग के बारे में पूछा जाएगा कि इन दिनों में सड़क का काम कैसे किया जा रहा है। विशेषज्ञों से मिली जानकारी के मुताबिक बारिशों में बनाई जाने वाली सड़कें कुछ दिन बाद फिर टूट जाएंगी। फिर इन पर इतना पैसा क्यों बर्बाद किया जा रहा है।
बैठक के दौरान पी कोहली, एसके नैय्यर, सुनील वशिष्ठ, मिनाक्षी और अन्य सदस्यों ने सीमा भारद्वाज को समस्याएं बताईं। लोगों ने कहा कि शहर में इन दिनों लावारिस कुत्तों, मच्छरों व अतिक्रमणकारियों के कारण स्थिति बहुत ज्यादा खराब है। इससे निपटने के लिए प्रशासन के दावे खोखले साबित हुए हैं।
इस पर नवनियुक्त प्रधान सीमा भारद्वाज ने कहा कि सड़कों की रीकार्पेटिंग, अतिक्रमण संबंधी मामले से पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को अवगत करवाएंगे। अन्य समस्याओं को लेकर संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों के समक्ष जाएंगे। सोसायटी के सदस्यों ने कहा कि पूर्व निगम कमिश्नर जगदीप ढांडा के कार्यकाल में पंचकूला के विकास कार्यों ने गति पकड़ी ही थी कि उनका तबादला कर दिया गया।