बाइक सवार युवक ने चलती बस पर रॉड से हमला कर दिया। बस का अगला शीशा टूटने से बस चालक समेत कई सवारियां घायल हो गईं। चालक और कंडक्टर ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार देर शाम की है। पुलिस को दिए बयान में हिमाचल परिवहन निगम के बस चालक शशि कुमार ने बताया कि वह बस को लेकर नालागढ़ से पंचकूला जा रहा था। एक बाइक पर सवार युवक बस के साथ चल रहा था और किसी बात को लेकर वह गाली देने लगा। इतना ही नहीं वह बस से कुछ आगे चल रहा था और अपने आप गिर गया। यात्रियों ने बताया कि धारा मंडल बावड़ी के पास पहले से मौजूद युवक ने बस के शीशे पर रॉड मारी और मौके से फरार हो गया। घटना में बस का आगे का शीशा टूट गया और उसके टुकड़े ड्राइवर के साथ सवारियों को भी लगे, जिस से उन्हें चोटें आईं। सवारियों ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि बाइक सवार ने शराब पी रखी थी। घटना से सड़क पर जाम लग गया, जिसे मौके पर पहुंच कर ट्रैफिक इंचार्ज ने सुचारु करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।