पंचकूला। सेक्टर-17 स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर में गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मंदिर कमेटी, महिला संकीर्तन मंडली और आसपास के सेक्टरों से बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंडित पंकज मिश्रा ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक पूजा करवाई।
श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महिला संकीर्तन मंडली की ओर से भजन-कीर्तन किया गया। महिलाओं ने धार्मिक भजन गाकर पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। मंदिर सभा के प्रधान परवेश बंसल और उनकी टीम की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। सबको अन्नकूट का प्रसाद बांटा गया।